Demo

वर्ष 2012 में लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया था पोस्टमार्टम हाउस, संसाधनों के अभाव में आज तक नहीं हो सका संचालन

लक्सर। क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया भवन आज बदहाली का शिकार है। बसेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट की भूमि पर बने पोस्टमार्टम हाउस के खिड़की-दरवाजे तक गायब हो चुके हैं। देखरेख के अभाव में भवन खंडहर में तब्दील हो गया है, जबकि निर्माण के बावजूद क्षेत्र के लोगों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल सका।

संसाधनों के अभाव में शुरू नहीं हुई सुविधा

वर्ष 2012 में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की ओर से पोस्टमार्टम हाउस का निर्माण कराया गया था। उम्मीद थी कि लक्सर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पोस्टमार्टम के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लेकिन जरूरी उपकरणों और कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण भवन आज तक चालू नहीं हो पाया। परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं और भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है।

निर्माण के दौरान हुआ था विरोध

पोस्टमार्टम हाउस के निर्माण के समय स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट की भूमि पर भवन बनाए जाने को लेकर विरोध जताया था। लोगों का कहना था कि इससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले विभिन्न संप्रदायों के लोगों को परेशानी हो सकती है। विरोध के बावजूद भवन का निर्माण कराया गया, लेकिन संचालन की व्यवस्था नहीं हो सकी। ऐसे में सरकारी धन खर्च होने के बाद भी क्षेत्रवासियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया।

पोस्टमार्टम के लिए जाना पड़ता है रुड़की और हरिद्वार

लक्सर क्षेत्र में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस और मृतकों के परिजनों को रुड़की या हरिद्वार जाना पड़ता है। इससे प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगता है और दुख की घड़ी में परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है। सवाल यह है कि जब वर्ष 2012 में भवन का निर्माण करा दिया गया था, तो इसे चालू करने के लिए आवश्यक संसाधनों और कर्मचारियों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

एसीएमओ ने बताई वजह

एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि वर्ष 2012 में लक्सर में पोस्टमार्टम हाउस का निर्माण कराया गया था, लेकिन आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे चालू नहीं किया जा सका। अब भवन की बदहाल स्थिति और लंबे समय से सुविधा शुरू नहीं होने को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Share.
Leave A Reply