Demo

बारकोड स्कैन कर भुगतान करने का किया नाटक, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

लक्सर। ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। सीमली निवासी एक युवक से बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करने का झांसा देकर 10 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि नकदी लेने के बाद दोनों युवक भुगतान करने का दिखावा करते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सीमली निवासी सन्नी कुमार शुक्रवार को बैंक में रुपये जमा कराने के लिए घर से निकला था। बैंक में अवकाश होने के कारण वह एसबीआई की मिनी शाखा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने नकदी की जरूरत बताते हुए सन्नी से 10 हजार रुपये मांगे और बदले में उसके खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करने की बात कही।

युवकों की बातों पर विश्वास कर सन्नी ने उन्हें 10 हजार रुपये दे दिए। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने बारकोड लेकर ऑनलाइन भुगतान करने का नाटक किया और सन्नी को बातों में उलझाकर बाइक से फरार हो गए। जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की।

लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply