Demo

लक्सर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जमदग्नि पब्लिक स्कूल में शिक्षक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला। विद्यालय के अध्यक्ष एवं भाजपा राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदंगनी, मुख्य अतिथि परमपूज्य महामंडलेश्वर श्री करौली शंकर महाराज महादेव धाम तथा भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। अतिथियों ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण के साथ उनके भविष्य को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देने से लेकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने तक शिक्षक का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में गुरुजनों का सम्मान होता है, वहां शिक्षा और संस्कार दोनों मजबूत होते हैं।

समारोह में विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया, जबकि सम्मानित शिक्षकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम ने गुरु और शिष्य के बीच विश्वास, संस्कार और ज्ञान पर आधारित मजबूत रिश्ते का संदेश दिया।

Share.
Leave A Reply