अब आधार अपडेट के लिए नहीं जाना पड़ेगा देहरादून, अत्याधुनिक UIDAI आधार सेवा केंद्र शुरू
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया शुभारंभ, खुद कराया आधार अपडेट; बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराने की अपील
हरिद्वार, 03 सितंबर। हरिद्वार जिले के नागरिकों के लिए गुरुवार का दिन खास रहा। अब आधार से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए लोगों को देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र (ASK) की शुरुआत कर दी है। कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराया और नागरिकों को नई सुविधा का लाभ उठाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जिले के लोगों से विशेष रूप से 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) समय पर कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। UIDAI की ओर से 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत डिजिटल उत्तराखंड और बेहतर सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा और आधार संबंधी सेवाएं अब उनके अपने जिले में ही सरल, सुविधाजनक और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी प्रमुख आधार सेवाएं
नए आधार सेवा केंद्र पर आधार नामांकन के साथ मोबाइल नंबर, फोटो और पता अपडेट, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, आधार में त्रुटि सुधार तथा शिकायत निवारण जैसी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके चलते हरिद्वार के साथ ही रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है केंद्र
निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि आधार सेवा केंद्रों का संचालन सीधे UIDAI द्वारा किया जाता है। हरिद्वार का केंद्र भी नागरिकों की सुविधा और समावेशिता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। केंद्र में व्हीलचेयर की सुगम आवाजाही, सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित किया गया है, जिससे नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा। प्रत्येक आधार सेवा केंद्र की व्यवस्था एक UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रबंधक के जिम्मे होगी, जो नागरिकों की शिकायतें प्राप्त कर उनके समयबद्ध समाधान की व्यवस्था करेगा।
ऑनलाइन भी बुक कर सकेंगे अपॉइंटमेंट
नागरिक आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। इसके लिए UIDAI के आधार अपॉइंटमेंट पोर्टल bookappointment.uidai.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, UIDAI एस्टेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेन्द्र सिंह और सत्यपाल चौहान समेत UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी तथा सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
