अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप; पुलिस जांच में जुटी
लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि 19 अगस्त की रात उसका पति और परिवार के अन्य सदस्य कंपनी में ड्यूटी करने गए थे। रात करीब 12 बजे गांव का ही एक युवक कथित रूप से उसके घर में घुस आया। आरोप है कि युवक ने दरवाजा बंद कर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपित को पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपित पिछले कुछ समय से उसकी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
