Demo

रक्षा सूत्र कार्यक्रम में उमड़ा महिलाओं का सैलाब, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर जमकर झूमीं महिलाएं; आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

लक्सर। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि की ओर से रविवार को लक्सर स्थित जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आयोजित रक्षा सूत्र कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्र की महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने राज्यमंत्री के हाथ पर राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ के चलते माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्सर की पहली महिला चेयरमैन ललिता अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि भाजपा संसदीय दल की सदस्य एवं पूर्व सांसद सुधा देवी ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी, तभी परिवार के साथ-साथ देश भी आत्मनिर्भर बनेगा।

राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि क्षेत्र की माताओं और बहनों का आशीर्वाद उन्हें लगातार मिलता रहा है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन वह हर वर्ष करेंगे।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका अनामिका जैन अंबर ने भजन और देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों पर महिलाएं झूमती नजर आईं और पूरा कार्यक्रम उत्साह से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर सहदीप सिंह एडवोकेट, जितेंद्र चौधरी, शिवम त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।

Share.
Leave A Reply