लक्सर। लगातार बारिश के चलते सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ने से कुआंखेड़ा गांव के संपर्क मार्ग पर संकट गहराता जा रहा है। नदी का पानी सड़क तक पहुंचने से कटाव शुरू हो गया है, वहीं हजारों बीघा कृषि भूमि जलमग्न होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पूर्व विधायक चैंपियन ने सिंचाई विभाग के एई तरुण गुप्ता के साथ सोलानी नदी के बढ़ते जलस्तर और सड़क पर हो रहे कटाव का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें नदी के पानी से उत्पन्न हो रही समस्याओं और कृषि भूमि में भरे पानी की स्थिति से अवगत कराया।
सिंचाई विभाग के एई तरुण गुप्ता ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए विभाग की ओर से 15.5 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार कर जिलाधिकारी को भेज दिया गया है। प्रस्ताव के तहत सोलानी नदी में छह स्पर का निर्माण कराया जाएगा, जिससे नदी के पानी का रुख आबादी क्षेत्र से मोड़ा जा सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में नदी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए स्पर का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में कुआंखेड़ा के संपर्क मार्ग को नदी के तेज बहाव और कटाव से बचाने के लिए सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई के लिए कहा है। विभाग ने भी तेजी दिखाते हुए बाढ़ सुरक्षा कार्यों का इस्टीमेट तैयार कर जिलाधिकारी को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा कार्यों के लिए जल्द बजट जारी कराने का प्रयास करेंगे।
चैंपियन ने आरोप लगाया कि उनके विधायक रहते क्षेत्र में समय-समय पर बाढ़ सुरक्षा के कार्य कराए जाते रहे, जिसके चलते इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने वर्तमान विधायक पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं होने के कारण आज ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल सोलानी नदी के बढ़ते जलस्तर और सड़क पर हो रहे कटाव को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों को अब सिंचाई विभाग के प्रस्तावित सुरक्षा कार्यों के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
