लक्सर। घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब एक महिला ने अपने पति पर गंडासे से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के लक्सर गांव निवासी रिहाना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका अपने पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और पति उसे घर में रखने को तैयार नहीं है। आरोप है कि 17 अगस्त को वह अपने पुत्र अर्श मलिक के साथ घर पहुंची थी। इस बात से नाराज होकर उसके पति ने उसके तथा पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका ससुर भी मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने बीच-बचाव करने या उन्हें बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। इसी दौरान आरोपी पति ने गंडासा उठाकर उसकी गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। रिहाना ने बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे कर लिया, जिससे उसकी हथेली गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता के अनुसार वह किसी तरह अपने पुत्र के साथ वहां से जान बचाकर भागने में सफल रही। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने दोबारा घर में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी फरीद निवासी लक्सर गांव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।
